बिजनौर। पुलिस के लिए सिरदर्द बना इनामी बदमाश आदित्य जिले का पहला एक लाख का इनामी बदमाश हो गया है। इससे पहले किसी बदमाश पर इतना इनाम नहीं रहा। पुलिस के डर से आदित्य उत्तराखंड में जा छिपा है। पुलिस ने आदित्य को दबोचने के लिए उत्तराखंड में डेरा डाल दिया है। पुलिस उसके ठिकानों का पता लगाने में जुट गई है।
स्योहारा थाने के गांव रानानंगला निवासी कुख्यात बदमाश आदित्य ने जिले की पुलिस की नींद उड़ा रखी है। मुरादाबाद में पेशी के दौरान अपने साथी विशाल के साथ फरार होने के बाद आदित्य ने जिले में नया गैंग खड़ा कर लिया। आदित्य जिले में ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम दे रहा है। सुपारी लेकर हत्या करने में माहिर हो चुके आदित्य ने गांव के ही मुकेश को भी गोली से उड़ा दिया था। सुपारी लेकर हल्दौर में उसने ओमराज की भी हत्या कर डाली थी। पुलिस ने आदित्य को दबोचने के लिए कई बार जाल बिछाया, पर वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने आदित्य के दाएं हाथ गांव चंचलपुर निवासी विशाल को दबोच लिया था। विशाल पर भी 20 हजार रुपये का इनाम था। आदित्य पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। उसके साथ गांव स्वाहेड़ी निवासी रोहित भी फरार है। दोनों की पुलिस तलाश में जुटी है। रोहित पर भी 15 हजार रुपये का इनाम है। पुलिस ने आदित्य को दबोचने के लिए कई बार जाल बिछाया, पर वह हर बार पुलिस का चक्रव्यूह तोड़कर भाग निकला। एसपी प्रभाकर चौधरी ने आदित्य पर एक लाख का इनाम करने की संस्तुति की थी। आदित्य पर एक लाख रुपये का इनाम रख दिया गया है। आदित्य को दबोचने के लिए पुलिस की टीम सक्रिय हो गई है। पुलिस के मुताबिक पुलिस के डर से आदित्य ने पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में शरण ले ली है। वहां उसने अपना ठिकाना बना लिया है। पुलिस की टीम आदित्य की तलाश में उत्तराखंड राज्य में डेरा डाले है। एसपी प्रभाकर चौधरी के मुताबिक आदित्य को दबोचने के लिए पुलिस की टीम लगी है।