नहटौर। मामूली कहासुनी को लेकर हुए विवाद में आबकारी विभाग के गनमैन को गांव के ही युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। उसके बाद आरोपियों ने घायल के घर के सामने चार राउंड फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर अनुसूचित जाति के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने छह युवकों के खिलाफ एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
गांव फुलसंदा हीरा निवासी अमित आबकारी विभाग धामपुर में गनमैन के पद पर तैनात है। बताया जाता है कि वह बाइक द्वारा ड्यूटी पर धामपुर जा रहा था। आरोप है कि जब वह झालू चौराहे पर पहुंचा तो गांव के ही महक सिंह ने अपने छह साथियों के साथ उसे घेर लिया। उसके साथ मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद महक सिंह साथियों के साथ गांव में अमित के घर के सामने पहुंचा और घर के बाहर हवाई फायर किए। फायरिंग की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया। घायल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नही होने से नाराज से अनुसूचित जाति के काफी लोग थाने पर पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में महक, चीनू, ललित, तरुण, प्रवेंद्र व टिंकू के विरुद्ध एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाल राजेश सोलंकी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।