पुलिस शराब और भू माफिया पर कसेगी शिकंजा
बिजनौर। शराब माफिया, भूमाफिया व अन्य माफिया के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई होगी। पुराने माफिया के साथ प्रशासन ने नए माफिया को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। कई बड़े माफिया पर पुलिस की कड़ी नजर है। पुलिस उन्हें खंगालने में जुटी है।
शराब माफिया के अलावा भूमाफिया व अन्य काले कारोबार से जुड़े माफिया चंद दिनों में ही अमीर बन बैठे हैं। पुराने माफिया तो प्रशासन के लिए सिरदर्द बने ही थे, अब नए माफिया और पनप आए हैं। शराब के अवैध कारोबार से तमाम माफिया जुड़ गए हैं। पुलिस ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। पुरानों के साथ नए माफिया को चिह्नित किया जा रहा है। शासन के निर्देश मिलने के बाद जिले की पुलिस ने इन पर काम करना शुरू कर दिया है। ऐसे माफिया को सूचीबद्ध किया जा रहा है। एसपी ने जिले भर की पुलिस को ऐसे माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं। एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक पुलिस शराब माफिया, भूमाफिया व अन्य माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रही है। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। माफियाओं को सूचीबद्ध किया जा रहा है। ऐसे लोगों की संपत्ति की जांच कराकर उसे जब्त किया जाएगा।
पुलिस ने शराब की भट्ठी पकड़ी
बढ़ापुर। थाना प्रभारी निरीक्षक कृपा शंकर सक्सेना के अनुसार थाने की टीम खादर क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थी। गांव भोगपुर पहुंचने पर उनको गांव कुआंखेड़ा की बोक्सा कॉलोनी में एक स्थान पर कच्ची शराब बनाने की भट्ठी संचालित होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने लाखन के घर के पीछे खाली पड़े खेत में छापा मारकर कच्ची शराब की भट्ठी पकड़ी। पुलिस के अनुसार इस स्थान से बरामद करीब 120 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने कच्ची शराब बनाते ग्राम कुआंखेड़ा की बोक्सा कॉलोनी निवासी लाखन को मौके से गिरफ्तार किया। उसी गांव का उसका साथी राजू पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने मौके से पांच गड्ढों में भरा हुआ करीब 1500 लीटर लहन भी वहीं नष्ट कर दिया। पुलिस ने इस मामले में ग्राम कुआंखेड़ा की बोक्सा कालोनी निवासी लाखन व राजू के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर पकड़े गए आरोपी लाखन का चालान कर दिया है।