मादक पदार्थों के साथ चार तस्कर दबोचे
बिजनौर। शहर कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों के चार तस्करों को दबोचा है। युवकों के पास से स्मैक, डोडा पोस्त, बाइक और स्कूटी बरामद हुई है। तस्कर रामपुर से मादक पदार्थों को लाकर जिले में बेचते थे।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक शहर कोतवाली पुलिस ने मंडावर चौराहे से बिजनौर के मोहल्ला नईबस्ती निवासी नौशाद, मोहल्ला मिर्दगान चांदपुर की चुंगी निवासी फरमान, मोहल्ला जाटान गोकुल चुंगी निवासी शादाब, पीडब्लूडी कॉलोनी निवासी शुभम मलिक उर्फ वांटेड को दबोचा है। चारों युवक मादक पदार्थों के तस्कर हैं। उनके पास से 23 पुड़िया स्मैक, पांच किलो डोडा चूर्ण, बाइक और स्कूटी बरामद की है। तस्कर रामपुर से स्मैक और डोडा चूर्ण लाकर बिजनौर में युवकों को बेचते थे। युवकों में स्मैक के नशे की लत डाल रहे थे। 500 से 600 रुपये तक एक पुड़िया स्मैक की बेचते थे। चारों तस्कर पैसा कमाने के लिए मादक पदार्थों को बेच रहे थे। तस्कर खुद भी स्मैक का नशा करते थे। काफी दिनों से चोरी छिपे इस काम को कर रहे थे। पुलिस ने तस्करों को पकड़ने के लिए काफी दिनों से जाल बिछा रखा था।