हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर तेल डलवाते समय परचून की दुकान का सामान लदी बाइक में अचानक आग लग गई। इससे बाइक सवार युवक झुलस गया। वहीं बाइक पर रखा परचून की दुुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग इधर उधर भागने लगे। गनीमत रही कि पेट्रोल पंप पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम होने के कारण आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा बच गया।
हसनपुर कोतवाली के ग्राम बहांपुर निवासी राजेश कुमार परचून दुकानदार है। राजेश रविवार दोपहर 12 बजे संभल अड्डे पर स्थित विजय फिलिंग स्टेशन पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवा रहा था। पेट्रोल भरवाते समय अचानक बाइक में आग लग गई। आग लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया। वहीं पंप पर बाइक में लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत से इधर-उधर भागने लगे। काफी मशक्कत करने के बाद किसी तरह जलती बाइक पर पानी और रेता डालकर आग को बुझाया गया। पेट्रोल पंप प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। पेट्रोल पंप पर सुरक्षा के इंतजाम मानक के अनुरूप थे। पीड़ित राजेश कुमार ने बताया कि उसने चार सौ रुपये का पेट्रोल अपनी मोटरसाइकिल में भरवाने के लिए पंप कर्मी को दिए थे। जैसे ही लगभग 100 रुपये का पेट्रोल टंकी में आया होगा, तभी अचानक बाइक में आग लग गई। परचून की दुकान के लिए रखीदा गया सारा सामान जलकर राख हो गया।