कासमपुरगढ़ी। गांव सीरबासुचंद और ग्राम जिक्रीवाला में शुक्रवार रात चोरों ने दो घरों को खंगाल डाला।
चोर दोनों घरों से करीब सवा लाख की नकदी व जेवर आदि सामान चुरा ले गए। घटना की तहरीर पुलिस में दे दी है। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट कायम करने की बात कही है।
ग्राम सीरबासुचंद निवासी कैलाश सिंह ने बताया कि चोर मकान की छत के जाल को काट कर घर में घुसे। परिवार के सभी सदस्य सोए थे। पत्नी मिथिलेश और वह अलग-अलग कमरे में सोए थे। उनका पुत्र वरुण कुमार बीएसएफ में जवान है। वरुण की शादी के लिए परिवार की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। उसकी शादी का सामान, कपड़े, जेवर, करीब चार तोले सोने की चूड़ी, गले की चेन आदि जेवर व एक लाख रुपये की नकदी सेफ रखी थी। चोर सेफ का ताला तोड़ कर सारा सामान चोरी कर ले गए। घटना का पता दिन निकलने के बाद लगा। घर में बिखरे सामान को देख परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर भी पुलिस ने घटना स्थल पर आकर जांच करना गवारा नहीं किया। ग्रामीणों में असंतोष है। चोर मकान के छत पर एक खाली संदूक खुला छोड़ गए। तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी है।
उधर, ग्राम जिक्रीवाला निवासी मोहसिना ने बताया कि उसका पति वहाजुद्दीन विदेश में नौकरी करता है। वह अपने बच्चों के साथ घर में रहती है। वह शुक्रवार को घर में ताला लगाकर बच्चों को लेकर अपने मायके ग्राम सीरबासुचंद गई थी ।चोरों ने उसके घर का सारा सामान, करीब चार तोले सोने की जेवर व पचास तोले चांदी का जेवर और घर में खर्च के लिए रखी 20 हजार नकदी को चोरी कर ले गए। बकौल मोहसिना, चोरों ने घर में रखा देशी घी तक नहीं छोड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन चोरी की बढ़ रही घटनाओं से लोगों में भय है। पुलिस ने घटनाओं को जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है।