नहटौर। रास्ते में पड़ा तख्त हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात की गई है।
गांव सीकरी बुजुर्ग निवासी सुशील कुमार ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि वह अपने पुत्र जयंत के साथ जंगल से भैंसा बुग्गी में गेहूं भरकर ला रहा था। जब उनकी बुग्गी दूसरे मोहल्ले से निकलकर आ रही थी तो रास्ते में हारून ने तख्त डाल रखा था। उन्होंने तख्त हटाने के लिए कहा तो हारून गाली गलौच करते हुए उसके पुत्र को पीट दिया। वह बुग्गी छोड़कर जान बचाने के लिए ग्राम प्रधान के घेर में घुस गए। आरोपी हारून अपने साथी नजाकत, शहजाद, आसिफ के साथ दोबारा से ग्राम प्रधान के घेर में पहुंच गया और उनके साथ वहां भी मारपीट की। शोर शराबा होने पर उसके पक्ष के लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल पिता-पुत्र को सीएचसी में भर्ती कराया गया। मामला दो समुदायों के बीच होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हारून को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।