नजीबाबाद। ट्रेन से कटकर नजीबाबाद क्षेत्र में मरे सतपुली सैन पौड़ी गढ़वाल के युवक के पिता ने प्रेम प्रसंग के चलते उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला नजीबाबाद जीआरपी में दर्ज कराया है।
सतपुली सैन निवासी मोहनलाल की रिपोर्ट पर जीआरपी ने बुधवार शाम दुगड्डा निवासी सुरेंद्र सिंह एवं उसके परिजनों के खिलाफ प्रेम प्रसंग में पुत्र को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। भाजपा नगर अध्यक्ष अजय माहेश्वरी, महामंत्री नकुल अग्रवाल, राकेश कौशिक, निखिल शर्मा, बिंदू सराफ के साथ जीआरपी पहुंचे मोहनलाल ने जीआरपी प्रभारी विजय कुमार को तहरीर सौंपी।
तहरीर में मोहनलाल ने आरोप लगाया कि उसके 26 वर्षीय पुत्र कुलदीप का प्रेम प्रसंग दुगड्डा निवासी एक युवती से चल रहा था। 2 नवंबर 2017 को युवती के पिता सुरेंद्र सिंह, जनार्दन दास, लक्ष्मण सिंह एवं परिजनों ने देहरादून में एक मॉल पर काम करने वाले 26 वर्षीय पुत्र कुलदीप को मानपुर कोटद्वार निवासी लक्ष्मण सिंह के घर बुलाया। मोहनलाल का कहना है कि उसे व अन्य परिजनों को कोटद्वार बुलाकर उनके सामने कुलदीप को लज्जित करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। सुरेंद्र पक्ष का कुलदीप पर आरोप था कि प्रेम प्रसंग के चलते उनकी पुत्री की सगाई टूट गई। जिस पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए थे। मोहनलाल का कहना है कि जिस समय युवती के परिजनों ने कुलदीप को लज्जित किया तथा धमकी दी, वे घर से बाहर आ गए। वे अपनी पुत्री के साथ घर की ओर चल दिए, जबकि कुलदीप वहां से गायब हो गया। बाद में जीआरपी नजीबाबाद से ट्रेन से कटकर उसकी मौत की खबर मिली। मोहनलाल का आरोप है कि सुरेंद्र व उसके परिजनों द्वारा प्रेम प्रसंग में जान से मारने की धमकी देने व प्रताड़ित करने से तंग आकर कुलदीप ने आत्महत्या की। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।