अफजलगढ़(बिजनौर)। पुलिस ने गांव सुआवाला में भूतपुरी जसपुर मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस पर पथराव करने के मामले में 20 लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव दल्लीवाला निवासी मोनू पुत्रतारा सिंह (18) रविवार सवेरे साइकिल से किसी काम से सुआवाला जा रहा था। सुआवाला बस स्टैंड पर तेजी से आ रहे ट्रक ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई थी। गुस्साए ग्रामीणों ने 108 वाहन देरी से पहुंचने और एक सिपाही पर ट्रक चालक को भगाने का आरोप लगाते हुए सिपाही की पिटाई कर जाम लगा दिया था। पुलिस पर पथराव भी किया गया था। एसडीएम वीके सिंह के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला। इस मामले में पुलिस ने उपद्रव करने के आरोप में गांव सुआवाला निवासी सोनू, राहुल, लवलीन, ओमप्रकाश, फरमान, अनीस, सुंदर, विनोद, ओमराज, नरेश, दिनेश, बंटी, रईस, दल्लीबाला निवासी अजय, रवि, सतेंद्र, मनोज, रजत, नवरतन सहित 20 लोगों को नामजद किया है। 150 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट हुई है। एसआई मेघपाल सिंह ने बताया विडियो व फोटो के द्वारा आरोपियों को चिह्नित किया जाएगा। उधर, मृतक के भाई महेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट कायम की है।