बिजनौर । मोहल्ला बक्शीवाला में चोरों ने सीआईएसएफ दरोगा के बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपये का सामान चुरा लिया। पड़ोसियों ने सुबह को मकान के टूटे ताले देखकर मकान स्वामी की बहन को सूचना दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
मोहल्ला बक्शीवाला निवासी इरफान अहमद सीआईएसएफ में दरोगा के पद पर तैनात है। इरफान की ड्यूटी फिलहाल चंडीगढ़ में चल रही है। इरफान अहमद का पूरा परिवार दिल्ली में रहता है और मकान की देखभाल उसकी बहन ताहिरा करती है। ताहिरा भी बुधवार की शाम मकान का ताला लगाकर दिल्ली अपने परिजनों के पास गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह ताहिरा के पड़ोसियों ने उसको सूचना दी कि उसके घर के ताले टूटे हुए है। ताहिरा दोपहर को जब घर पहुंची तो उसके घर का सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। ताहिरा के मुताबिक चोर उसके घर में दीवार कूदकर आए थे ओर रसोई की खिड़की तोड़कर घर में घुसे थे। ताहिरा ने बताया कि चोर उसके घर से सिलेंडर, सिलाई मशीन, इर्न्वटर बैटरा, सीडी प्लेयर और अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। ताहिरा ने चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है।