विधायक पर पत्थर फेंकने के मामले में रिपोर्ट
नहटौर। दिल्ली के चांदनी चौक की आप विधायक अलका लांबा को पत्थर मारने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार रात आप विधायक अलका लांबा नहटौर के कपड़ा बाजार में चेयरमैन प्रत्याशी मोहम्मद राशिद के पक्ष में एक जनसभा कर रही थीं। संबोधन के बाद मंच से उतरते समय किसी व्यक्ति ने विधायक को पत्थर मारकर घायल कर दिया। विधायक के घायल होने पर उन्हें निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। मामले को लेकर आप कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। प्रत्याशी राशिद ने नहटौर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।