विशाल मर्डर के आरोपियों
के घरों की होगी कुर्की
- शहर कोतवाल ने सीबीसीआईडी को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
नया गांव के विशाल मर्डर के आरोपियों के घरों की कुर्की की कार्रवाई शुरू हो गई है। शहर कोतवाली पुलिस ने सीबीसीआईडी बरेली को पत्र लिखकर कुर्की करने को कहा है।
दस फरवरी को शहर कोतवाली क्षेत्र के नया गांव निवासी विशाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके पिता संजय सिंह को सीने में धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया गया था। विशाल के चाचा हेमेंद्र सिंह ने पेद्दा गांव के पूर्व प्रधान सईद इकबाल, नफीस, फुरकान, इफ्तेखार, अकबर, हनीफ, शमीम, अनीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने हनीफ को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस घटना में अन्य युवकों का हाथ होने का शक जता रही थी। कई युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया तो संजय ने एसपी ऑफिस के बाहर जहर खा लिया था। इसके बाद हिरासत में लिए युवकों को छोड़ दिया गया था।
संजय ने किसी और एजेंसी से जांच कराने की मांग की थी। डीएम ने शासन को पत्र लिखा तो विवेचना सीबीसीआईडी बरेली के हवाले कर दी गई। सीबीसीआईडी ने हनीफ के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। शहर कोतवाली पुलिस को पत्र लिखकर फरार आरोपियों को पकड़ने में मदद मांगी थी। शहर कोतवाली पुलिस ने कई बार आरोपियों के घर दबिश दी, पर कोई नहीं मिला। शहर कोतवाल प्रेमवीर राणा ने सीबीसीआईडी को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने को कहा है। शहर कोतवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कुर्की होना जरूरी है।