पशु व्यापारियों को पीटकर दो लाख लूटे
हल्दौर। दो बाइकों पर सवार बदमाशों नेे दिन दहाड़े गांव पैजनियां के पास बाइक सवार तीन पशु व्यापारियों को तमंचों की बटों, सरिया और डंडों से पीटकर कर दो लाख रुपये की नकदी लूट ली। सीओ सिटी, थाना प्रभारी निरीक्षक, सर्विलांस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, बदमाशों ने लकड़ी के ठेकेदार से भी लूटपाट की। विरोध करने पर उसे पीटकर घायल कर दिया।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव गांगू-नंगला निवासी रईस उर्फ लड्डन उसके सगे भाई नईम अहमद, नफीस अहमद पशु व्यापारी हैं। हल्दौर क्षेत्र के गांव जमीरूद्दीन हथाई में तीनों भाइयों की रिश्तेदारी है। तीनों बुधवार को नूरपुर के बाजार में अपने पशुओं की बिक्री कर बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। गांव पैजनियां के पास जमीरूद्दीन हथाई मार्ग पर करीब 12 बजे दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने पशु व्यापारियों की बाइक को तमंचों के बल पर रुकवा लिया। बदमाशों ने तीनों को बंधक बना लिया और उन्हें ईख के खेत में ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें तमंचों की बटों, डंडों से पीटकर घायल कर दिया और दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी महेश कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक एस भड़ाना और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पशु व्यापारी नफीस की ओर से तीन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, गांव फजलपुर ढाकी निवासी मोहम्मद जाबिर के मुताबिक वह लकड़ी का ठेकेदार है। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह चांदपुर से बाइक से अपने घर जा रहा था। चांदपुर-नहटौर मार्ग पर गांव मसीत की नहर की पुलिया के पास घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उसकी बाइक को तमंचों के बल पर रुकवा लिया। बदमाशों ने ठेकेदार को पीटा और उससे 500 रुपये लूट लिए। बदमाशों ने ठेकेदार को ईख के खेत में बांधकर डाल दिया और फरार हो गए। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।