बागपत। न्यायालय में पेशी से लौटते वक्त पैरोकार पर हाईवे स्थित सिसाना गांव के पास कुछ कार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। पीड़ित के साथ मारपीट की गई तथा अपहरण कर कार में बैठा लिया। आरोप है कि थोड़ा आगे चलने के बाद बदमाश उसे चलती कार से फेंककर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के अमीनगर सराय गांव निवासी संजय शर्मा पुत्र प्रेम प्रकाश ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका बागपत न्यायालय में कोई वाद चल रहा है, जिसकी वह पैरवी कर रहा है। कहा कि बीती 27 जुलाई को वह अपने दोस्त नरेंद्र कुमार पुत्र भंवर सिंह के साथ बागपत कोर्ट में तारीख पर आया । कहा कि तारीख से लौटते समय दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर सिसाना गांव के पास कार सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर अपहरण कर कार में बैठा लिया। यही नही आरोपी पीड़ित को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के निकट मारने की धमकी देकर चलती कार से फेेंककर फरार हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने उसकी जेब से 1360 रुपये तक भी लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में दलजीत सिंह तथा रमजजीत सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी कासना, ग्रेटर नोएडा के खिलाफ मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा मामले की जांच की जा रही है।