अमरोहा। चार दिन पहले धनौरा रोड़ से गायब हुए इंटर के छात्र का मानव तस्करों ने अपहरण कर लिया था। मुंबई ले जाकर तस्कर छात्र को बेचने की फिराक में थे। लेकिन, इसके पहले ही छात्र शौचालय की टूटी दीवार फांदकर वहां से भाग निकला। किसी तरह घर पहुंचे छात्र ने आपबीती बताई तो परिजनों हैरान रह गए। पुलिस छात्र के लौटने की बात से अंजान हैं।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भूतखदेड़ी निवासी कुंवर सैन का 18 वर्षीय बेटा अंकित इंटर का छात्र हैं। अंकित के मुताबिक 31 मार्च की दोपहर करीब तीन बजे वह धनौरा रोड स्थित पीपली घोषी के अड्डे पर बस का इंतजार कर रहा था। काफी देर रुकने के बाद भी कोई सवारी नहीं मिली। इसी बीच एक महिला वहां पहुंच और सेल्फी लेने लगी। जिसके बाद कुछ ही देर बाद कार सवार दो युवक भी वहां आ गए। काफी मना करने के बाद उन्होंने कार में बैठा लिया। महिला और युवकों की हरकतों पर शक हुआ तो अंकित ने गाड़ी से उतारने की कोशिश की। जिस पर तस्करों ने छात्र की नाक पर कपड़ा लगाकर उसे बेहोश कर दिया। ब्रजघाट में तस्करों ने फिर से अंकित के शरीर में दो नशीले इंजेक्शन लगाए। जिससे वह फिर से बेहोश हो गया।
अंकित के मुताबिक होश आने पर उसने खुद को मथुरा रेलवे स्टेशन पर ठहरी ट्रेन के विकलांग डिब्बे में पड़ा पाया। जबकि, दो युवक उसके पास बैठे थे। आवाज लगाने की कोशिश की तो उन्होंने छात्र की पिटाई कर दी। जबरन नशीला पदार्थ मिले दाल चावल खिलाकर फिर से बेेहोश कर दिया। इसके बाद तस्कर अंकित को मुंबई स्थित समुद्र किनारे ले गए। यहां होश में आए छात्र ने तस्करों को फोन पर पैसे लेकर आने और बच्चे को लेकर जाने की बात कहते सुना। तस्करों की बात सुनकर अंकित के होश उड़ गए। इसके बाद उसने बाथरूम जाने को कहा। तस्करों ने आपस में बात कर अंकित को शौचालय में भेज दिया और शराब पीने लगे। लेकिन, अंकित शौचालय की टूटी दीवार कूदकर वहां से भाग निकला। एक बुजुर्ग ऑटो चालक की मद्द से अंकित दिल्ली को मिलने वाली ट्रेन तक पहुंच सका। छात्र अंकित मंगलवार की दोपहर घर पहुंच गया है।
परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए थाने आए थे। जिन्हें दो दिन बाद फोटो लेकर बुलाया गया था। छात्र के लौटने की बात संज्ञान में नहीं हैं। लड़की के बेचने का मामला तो समझ में आता है लेकिन, लड़के को बेचने की बात समझ से परे है। छात्र को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।
- रविंद्र प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर नौगावां सादात।