स्योहारा। दिसंबर में हुए जिशान हत्याकांड को खोलने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। एसपी ने गांव बुडेरन पहुंच कर घटनास्थल का दौरा किया। हत्याकांड को खोलने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली। विशेषज्ञों से मृतक के घर से मिले सामान के फिंगरप्रिंट उठवाए।
गांव बुडेरन में 23 दिसंबर की सुबह गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिला था। शव की पहचान गांव के ही जिशान (18) पुत्र शाहिद के रूप में हुई थी। जिशान एक सप्ताह से घर से गायब था। शव के गले और निजी अंगाें पर कटे के निशान थे। पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी थी। एसपी प्रभाकर चौधरी ने इस मामले की विवेचना कर रहेे एसआई आरके सिंह को लाइनहाजिर कर दिया था।
बृहस्पतिवार को एसपी प्रभाकर चौधरी डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों के साथ गांव बुडेरन पहुंचे। जहां उन्होंने घटना स्थल, उसके आसपास का क्षेत्र, युवक के घर में उसका कमरा, कमरे में रखा सामान आदि से फिंगरप्रिंट उठवाए। सीओ अर्चना सिंह का कहना है कि फिंगरप्रिंट को हत्या के समय घटना स्थल से मिले सामान जैसे चाकू आदि के फिंगरप्रिंट, संदिग्ध वस्तुओं के फिंगरप्रिंट से मिलवाया जाएगा।