अफजलगढ़। कोतवाल प्रेमवीर राणा ने एसपी प्रभाकर चौधरी के आदेश पर मंगलवार को अफजलगढ़ चेयरपर्सन की हूटर लगी गाड़ी को पकड़ लिया। हूटर उतरवाने के बाद गाड़ी का चालान कर दिया। इस दौरान चेयरपर्सन के पति की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।
कोतवाल ने बताया कि कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि नगर में एक सफारी गाड़ी जिस पर चेयरमैन लिखा है और हूटर भी लगा है, बेधड़क घूम रही है। पता कराया तो मालूम चला कि वह गाड़ी अफजलगढ़ की नव निर्वाचित पालिकाध्यक्ष शहाना परवीन की है जिसका प्रयोग उनका पति कर रहा है। इसके बाद चेयरपर्सन के पति सलीम अंसारी को बुलाकर समझा भी दिया गया था। मंगलवार को चेकिंग के दौरान इसी गाड़ी को पुलिस ने रोक लिया। आरोप है कि गाड़ी में सवार लोगों की पुलिस से काफी नोकझोंक भी हुई। पर पुलिस परवाह किए बगैर गाड़ी को पकड़ कर कोतवाली ले गई। गाड़ी में सवार लोगों ने इसकी जानकारी चेयरपर्सन के पति सलीम अंसारी को दी। वह कुछ ही देर में कोतवाली पहुंच गए। हूटर उतवाने को लेकर उनकी कोतवाल से भी नोकझोंक हुई। कोतवाल ने बताया कि गाड़ी का यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में चालान कर दिया है। चेताया गया है कि यदि दोबारा हूटर लगाने का प्रयास किया गया तो गाड़ी को सीज कर दिया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार सलीम अंसारी जिस गाड़ी का प्रयोग कर रहा है, वह भी चेयरपर्सन के नाम नहीं है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले सलीम ने पालिकाध्यक्ष कार्यालय के बाहर नेम प्लेट पर चेयरपर्सन शहाना परवीन के नाम के स्थान पर उनका नाम शहाना सलीम लिखवा दिया था। जिसकी शिकायत होने पर पालिका के अधिकारियों ने उसे पुतवाया था।