लकड़ी ठेकेदारों से रिश्वत मांगने में फंसा सिपाही
बिजनौर। लकड़ी के ठेकेदारों से मोबाइल फोन पर रिश्वत मांगने के मामले में बैराज चैक पोस्ट पर तैनात एक सिपाही बुरी तरह फंस गया है। सिपाही की बातों की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से खलबली मची हुई है। एसपी प्रभाकर चौधरी ने इस मामले में जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
बैराज चैक पोस्ट पर तैनात सिपाही मान सिंह ने लकड़ी के ठेकेदार दीपक बंसल सहित कई लकड़ी के ठेकेदारों से ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक निकालने के नाम पर मोबाइल फोन पर रिश्वत मांगी। कहा कि मुजफ्फरनगर के ट्रैक्टर ट्रॉली वालों ने तो महीना देना शुरू कर दिया है। सिपाही ने दीपक से भी तीन हजार रुपये महीना मांगे। सिपाही ने कहा कि अगर पुलिस को पैसा नहीं मिला तो वह ट्रैक्टर ट्रॉली नहीं निकलने देंगे।
मामला बिगड़ता देख ठेकेदार दीपक ने अपने चालक से दो हजार रुपये भेजने को कहा तो सिपाही ने चालक से रकम लेने से मना कर दिया। दीपक ने सिपाही की सारी बात रिकार्ड कर ली। सभी ठेकेदारों ने अलग-अलग बात रिकार्ड की है। अब सिपाही से हुई बात की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हलचल मची हुई है। मामला सार्वजनिक होने पर एसपी प्रभाकर चौधरी ने इस मामले में जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि प्रथम दृष्ट्या ऑडियो सही लग रहा है, लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।