राशन डीलर से विवाद पर जहर लेकर थाने पहुंची महिला
नहटौर।
राशन सामग्री लेने को लेकर महिला उपभोक्ता और राशन डीलर के बीच विवाद हो गया। आरोप हैं कि महिला उपभोक्ता के पुत्रों ने दुकान पर पहुंचकर मारपीट करते हुए ई-पीओएस मशीन तोड़ डाली। राशन डीलरों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी। महिला उपभोक्ता ने षड्यंत्र रचने का आरोप और जहर की शीशी लेकर थाने पहुंच गई।
मोहल्ला पंचायती मंदिर निवासी विधवा सविता देवी राशन डीलर परवीन सिंह की दुकान पर राशन सामग्री लेने गई थी। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने पर विवाद हो गया। इसी बीच महिला के पुत्र भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उसके पुत्रों ने राशन डीलर को पीटा और ई-पीओएस मशीन तोड़ डाली। घटना के विरोध में दर्जनों डीलरों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इसके कुछ देर बाद ही महिला भी अपने पुत्र के साथ तहरीर देने थाने पहुंच गई। पुलिस ने उसके पुत्र को हवालात में बंद कर दिया। इस पर महिला ने हंगामा कर दिया और आरोप लगाया कि राशन डीलर ई-पीओएस मशीन का प्रयोग करने से बच रहा हैं। उसी के तहत उसने षड्यंत्र रचा है।
इसके बाद महिला एक दुकान से सल्फास की शीशी लेकर थाने के गेट पर पहुंच गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। दुकानदार ने मौके पर पहुंचकर महिला के हाथ से जहर की शीशी छीनी। उधर, राशन डीलर के साथ मारपीट की सूचना पर जिले के राशन डीलरों ने हड़ताल कर दी। सभी राशन डीलर नहटौर में एकत्रित हो गए। डीएसओ मनीष कुमार ने कहा कि निष्पक्ष जांच की जाएगी, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।