आम के पेड़ से लटका मिला वृद्ध का शव
शिवाला कलां। गांव हैजरपुर के जंगल में शनिवार की सुबह आम के बाग में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त नूरपुर के मोहल्ला शहीदनगर निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिवाला कलां थाने के गांव हैजरपुर निवासी अशोक कुमार (55) कई वर्षों से नूरपुर के मोहल्ला शहीदनगर में परिवार के साथ रहते थे। वह दो दिन पहले किसी को कुछ बताए बिना घर से निकले थे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नही लगा। अशोक कुमार के पुत्र राहुल की ओर से नूरपुर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शनिवार की सुबह गांव हैजरपुर के जंगल में काम करने गए किसानों को अशोक कुमार का शव उनके ही आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को मामले की सूचना दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टि मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।