तालाब में मिला शराब माफिया पिल्लू का शव
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
चार दिन से लापता शराब माफिया सुबोध उर्फ पिल्लू का शव गांव में तालाब में पड़ा मिला। शराब माफिया गांव में हुए समारोह में शिरकत करने गया था। समारोह मेें शराब के नशे में उसने जमकर तमंचे से फायरिंग की थी। पिल्लू की जेब से 315 बोर के चार खोखे मिले हैं। पुलिस मान रही है कि शराब के नशे में पिल्लू की तालाब में डूबकर मौत हुई है।
गांव स्वाहेड़ी निवासी सुबोध उर्फ पिल्लू शराब माफिया था। 28 अक्तूबर को वह गांव के ही पप्पू फौजी के बेटे के नामकरण की पार्टी में शामिल होने गया था। एक अन्य पार्टी में भी उसने हिस्सा लिया था। पप्पू के यहां पिल्लू ने जमकर शराब पी और तमंचेे से फायरिंग की थी। रात में पिल्लू शराब के नशे में घर के लिए चला था, पर घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश की पर कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। बुधवार को स्वाहेड़ी गांव में लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र से कुछ दूरी पर मस्जिद के पास स्थित तालाब के किनारे ग्राम प्रधान शक्ति सिंह को पिल्लू की चप्पल पड़ी दिखाई दी।
सूचना पर गांव के लोग तालाब के आसपास एकत्र हो गए। तालाब के गहरे जल में पत्थर मारा तो शव पर पत्थर लगा। किसान जयनारायण सिंह के नौकर भूरा ने तालाब में घुसकर पिल्लू के शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी गई। पिल्लू एक पैर मे चप्पल पहने था। उसके एक हाथ में टार्च थी। जेब में 315 बोर के चार खोखे मिले हैं। पुलिस ने पिल्लू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल फतेह सिंह के मुताबिक पिल्लू शराब माफिया था। कई बार जेल जा चुका है। गैंगस्टर के मामले में जमानत कराकर पिल्लू पिछले दिनों जेल से बाहर आया था। उन्होंने बताया कि शराब के नशे में घर लौटते समय तालाब में डूबकर उसकी मौत होने का शक है। जिस तालाब में शव मिला है उसमें 15 से 20 फीट गहरा पानी है। पुलिस की मानें तो पिल्लू के साथ उसके बेटे अभिजीत पर भी गैंगस्टर लगी थी। बेटा अभिजीत बुधवार को ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।