नजीबाबाद । बूढ़ा बाबा दोयज मेला मंदिर भूमि की जमीन को लेकर विवाद तूल पकड़ रहा है। एक पक्ष की ओर से मेला भूमि पर अपनी दावेदारी दिखाते हुए धरना दिया। उधर, मेला मंदिर समिति के अध्यक्ष ने कुछ लोगों की ओर से मेला मंदिर परिसर में तोड़फोड़ करने, महाराज की झोपड़ी नष्टकर उसे परिसर से भगा देने का आरोप लगाया।
बिजौरी तिराहे के निकट बूढ़ा बाबा दोयज मेला मंदिर भूमि स्थित है। शनिवार को दोयज मेला मंदिर की भूमि को लेकर एक पक्ष ने समिति पदाधिकारियों पर मेला मंदिर भूमि को कब्जाने का आरोप लगाते हुए धरना दिया। करन सिंह, रोहताश सिंह, सोपाल, रणधावा सिंह, पवन, नरेश, राजेश, लाल सिंह, प्रकाश सहित अनेक लोगों ने प्रर्दशन करते हुए धरना दिया। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सीके त्रिपाठी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
उधर, बूढ़ा बाबा मेला मंदिर समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह, सचिव नरेश कुमार, विपिन कुमार का आरोप है शनिवार को बड़ी संख्या में गढ़वाला और आस-पास के क्षेत्रों के ग्रामीणों ने मेला मंदिर पहुंचकर महाराज की झोपड़ी, एक खोखे को तोड़ दिया और महाराज को भगाकर मेला भूमि कब्जाने के लिए धरना दिया। उधर ,प्रशासन ने दोनों पक्षों में भूमि विवाद को लेकर रविवार को दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया है।