हल्दौर (बिजनौर)। गांव पैजनियां में बंद मकान की छत पर रविवार की रात कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। गांव वाले पकड़ने दौड़े तो सभी मोबाइल आदि छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव पैजनियां में मयंक त्यागी के घर के सामने एक खंडहर है। मयंक त्यागी के अनुसार रविवार की रात करीब लगभग साढे़ बारह बजे इस मकान की छत पर कुछ संदिग्ध लोग बैठे दिखाई दिए। उन्होंने अपने पड़ोसियों को जगाकर मामले से अवगत कराया। ग्रामवासियों ने छत पर बैठे लोगों का पीछा किया तो सभी मौके से फरार हो गए। लोगों को छत से आरोपियों का एक मोबाइल और बेल्ट पड़ी मिली। ग्रामीणों ने मोबाइल फोन पर आई कॉल की निशानदेही पर नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मुजाजपुर निवासी सोनू कुमार के खिलाफ पैजनियां चौकी पहुंचकर खिलाफ तहरीर दी है। उधर, चौकी प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।