महिला के खाते से एक लाख रुपये उड़ाए
हल्दौर (बिजनौर)। एक महिला के एटीएम और खाते से ट्रांसफर कर कुल एक लाख रुपये उड़ा दिए गए। मोबाइल फोन पर संदेश पाकर महिला ने बैंक में रकम वापस दिलाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई हैं।
गांव नांगलजट निवासी कौशल कुमार की पत्नी उजाला का पीएनबी में खाता हैं। उजाला के अनुसार उसके खाते में दो लाख 12 हजार रुपये की थे। उसने एटीएम कार्ड भी बनवा रखा हैं। दो दिन पूर्व रात में करीब 12 बजे उसके मोबाइल पर एटीएम के माध्यम से 50 हजार रुपये की नकदी निकालने का संदेश प्राप्त हुआ। जबकि महिला के पास उसका एटीएम कार्ड रखा हुआ था। थोड़ी देर बाद एक संदेश उसके मोबाइल पर पुन: आया जिसमें 50 हजार रुपये की अन्य राशि किसी दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर करने के संबंध में दर्शाया गया। उसके पास खाते से रकम निकालने के संबंध में छह संदेश आए। महिला बृहस्पतिवार को बैंक पहुंची और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। महिला को उसके खाते से एक लाख रुपये निकलने की सूचना मिली तो उसके होश उड़ गए। पीड़िता ने अपनी रकम वापस दिलाने को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर तहरीर देकर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। बैंक प्रबंधक संजीव कस्तूरिया का कहना है कि पुलिस रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।