आदमपुुर थाना पुलिस ने पकड़ी शस्त्र बनाने की फैक्टरी, एक गिरफ्तार
पांच तमंचे, रायफल, पिस्टल, अर्ध निर्मित पिस्टल एवं उपकरण बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
आदमपुर थाना पुलिस ने स्कूल के खंडहर में चल रही अवैैैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। अवैध असलहे और उपकरणों समेत एक को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। शस्त्र बनाने की फैक्ट्री के साथ पकड़ा गया आरोपी दो दशक से इस धंधे में लिप्त है। वह दो बार इस कारोबार में जेल जा चुका है। अपर पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस के जरिए खुलासा किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने मंगलवार की दोपहर एक बजे पुलिस कार्यालय सभागार में शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा किया। 19 जून की रात आदमपुर थाना पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर टकौली गांव के जंगल में स्कूल के खंडहर में दबिश दी। खंडहर में शस्त्र बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस ने मौके से एक को गिरफ्तार कर लिया और शस्त्र व बनाने के उपकरण कब्जे में कर लिये। एएसपी ने बताया कि सैदनगली थाना क्षेत्र के बेगपुर शर्की गांव निवासी नेपाल सैनी को गिरफ्तार किया गया है। मौके से पुलिस ने चार तमंचे 12 बोर, एक तमंचा 315 बोर, रायफल, पिस्टल, अर्धनिर्मित पिस्टल, बॉडी, नाल, शस्त्र बनाने के उपकरण, कारतूस व खोखा बरामद किए हैं। नेपाल सैनी पहले भी शस्त्र बनाने में दो बार जेल जा चुका है। इसके साथियों का पता लगाया जा रहा है।
दो दशक से कर रहा है हथियार बनाने का काम
अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने आदमपुर थाना पुलिस की पकड़ी गई शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा करते हुए कहा कि हथियार बनाते गिरफ्तार किया गया आरोपी इस धंधे में दो दशक से लिप्त है। वह सबसे पहले 1997 में शस्त्रों की फैक्ट्री के साथ पकड़ा गया। उस वक्त सैदनगली थाना पुलिस ने पकड़ा था। हथियार बनाने के आरोप में जेल गया। इसके बाद 2015 में शस्त्र फैक्ट्री पकड़े जाने पर जेल गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसके साथियों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
शस्त्र बनाने के फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने में एसएसआई राकेश कुमार समेत उप निरीक्षक किरनपाल सिंह और सिपाही भारत सिंह, कृष्णवीर सिंह, राहुल व देवेंद्र सिंह थे।
पकड़ी गईं शस्त्र फैक्ट्रियों का विवरण
- हसनपुर कोतवाली पुलिस ने भीमाठीकरी के जंगल में शस्त्र फैक्ट्री संग दो पकड़े।
- 09 जुलाई 2016 को धनौरा थाना पुलिस ने हथियारों की फैक्ट्री पकड़ी
- रहरा चौकी पुलिस ने चीला के जंगल से शस्त्र फैक्ट्री चलाते दो दबोचे
- 16 जनवरी 2017 को शहर कोतवाली पुलिस ने तमंचा सप्लायर दो दबोचे
- 25 जनवरी 20217 को गजरौला व धनौरा थाना पुलिस ने शस्त्र बनाने की बड़ी फैक्ट्री पकड़ी, साथ ही दो आरोपी गिरफ्तार किए। इनसे 48 तमंचे व एक बंदूक बरामद हुई थी।
- अमरोहा देहात थाना पुलिस ने 30 जनवरी को दो आरोपी गिरफ्तार कर शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा किया। 26 तमंचे बरामद।
- इसी वर्ष 31 जनवरी को डिडौली पुलिस ने वैदिक आश्रम में चलती शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी। 18 निर्मित व 5 अर्धनिर्मित तमंचों संग दो हत्थे चढ़े।
- 20 मई 2017 को अमरोहा देहात थाना पुलिस ने 15 तमंचों संग नीमखेड़ा बझेड़ा का इस्लाम तुर्क पकड़ा।