ठगी के शक में दो युवकों को पीटा
बिजनौर। रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार को रोडवेज कर्मियों ने लोगों की मदद से ठगी के शक में दो युवकों को पहले खूब पीटा और पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए युवकों का एक साथी भाग निकला। इस घटना को लेकर हंगामा मचा रहा। युवकों के पास से कपड़े में बंधे नोट जैसे कागज बरामद हुए हैं।
शुक्रवार दोपहर रोडवेज बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मियों और अन्य लोगों ने तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। युवकों पर ठगी करने का शक होने पर लोगों की मदद से दो युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की लोगों ने जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से कपड़े में बंधे रुपयों की तरह कटे हुए कागज मिले हैं। ये कागज फरार साथी ने उन्हें किसी को देने के लिए दिए थे। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवक में उत्तराखंड के कलियर निवासी गुलाम कादिर और नसीम हैं। जबकि रुड़की निवासी रिहान फरार हो गया है। दोनों युवकों का कहना था कि रिहान उन्हें कोई काम कराने का लालच देकर लाया था।
शहर कोतवाल बिजेंद्र पाल राणा के मुताबिक दोनों युवक ठगी करने के इरादे से आने की बात से इंकार कर रहे हैं। युवकों का कहना है कि उन्हें फरार रिहान पांच-पांच सौ रुपये देने का लालच देकर लाया था। रोडवेज बस स्टैंड पर कटे कागजों को उन्होंने जेब में रख रखा था। लोगों की नजर उन पर पड़ गई और उन्हें पकड़ लिया। फरार रिहान ही बता पाएगा कि उन्हें बिजनौर वह क्यों लाया था।