शव की पहचान हुई, हत्या की आशंका
राजा का ताजपुर (बिजनौर)। नजीबाबाद हरिद्वार के बीच पूर्वी गंगनहर में सोमवार को मिले शव की पहचान ताजपुर निवासी नंदकिशोर तोमर के रूप में हुई है। वह हरिद्वार में ऑटो रिक्शा चालक था। करीब छह दिन से वह लापता था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया।
ताजपुर निवासी नंदकिशोर तोमर करीब दो वर्ष से हरिद्वार में रहकर ऑटो रिक्शा चलाता था। उसका परिवार गांव में ही रहता है। परिजनों ने बताया कि इस बार नंदकिशोर आठ दिन घर पर रहकर 15 अगस्त को हरिद्वार के लिए गया था। अगले दिन उससे फोन पर संपर्क किया, तो उसका फोन बंद मिला। इसके बाद ऑटो रिक्शा के मालिक को फोन किया, तो उसने बताया कि ऑटो लावारिस हालत में श्यामपुर में खड़ा मिला है, लेकिन नंदकिशोर का पता नहीं है। इसके बाद परिजन हरिद्वार पहुंचे और उसकी काफी खोजबीन की। सोमवार को उसका शव गंगनहर में पड़ा मिला। हाथ की कटी हुई उंगलियों और कपड़ों से परिजनों ने उसकी शनाख्त नंदकिशोर के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी पूनम ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। उसने कहा कि घर से जाने के बाद उसने दोस्तों के साथ हरिद्वार में शराब पी थी। उसने मामले की जांच कराने की मांग की है।