स्वाहेड़ी में शराब माफिया के घर से बरामद देसी बम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में शहर कोतवाली पुलिस ने गांव स्वाहेड़ी में छापा मारकर शराब माफिया सुबोध उर्फ पिल्लू को 10 देसी बम, 230 लीटर शराब और एक तमंचे के साथ पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस की माने तो विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी के इरादे से ही घर में देसी बम छिपाकर रखे गए थे और बड़ी मात्रा में अवैध शराब जुटाने की तैयारी की जा रही थी।
शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम के मुताबिक सोमवार सुबह पुलिस की टीम गांव स्वाहेड़ी पहुंची। यहां शराब माफिया सुबोध उर्फ पिल्लू के घर छापा मारा। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो तब दंग रह गई जब घर में दस देसी बम भी पाए गए। पुलिस ने देसी बम के साथ ही 30 लीटर कच्ची शराब के साथ पिल्लू को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पिल्लू का बेटा अभिजीत चकमा देकर भाग गया। देर शाम पुलिस ने उसे भी 200 लीटर कच्ची शराब और एक तमंचे के साथ पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक दोनों पिता-पुत्र शराब का अवैध कारोबार करते हैं। पुलिस का मानना है कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने की मंशा से देसी बम रखे गए। पिल्लू इससे पहले कई बार दबिश देने गई पुलिस पर भी हमला बोल चुका है। बाप-बेटे चुनाव के लिए अवैध शराब जुटाने में लगे थे। गैर राज्यों से भी चुनाव के लिए शराब मंगाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस काफी दिनों से पिल्लू और उसके बेटे की तलाश में जुटी थी। पर दोनों पुलिस के हाथ नहीं आ रहे थे।