न्यायखंड निवासी एक महिला की फोटो से उनके नाम का फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया गया है। इस संबंध सोमवार को महिला की मां ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दी है। अकाउंट बंद करा कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
न्यायखंड-3 निवासी महिला ने बताया कि उनकी दो बेटियां करीब एक साल पहले तक नीतिखंड स्थित एक गारमेंट शॉप में कार्यरत थीं। इस दौरान छोटी बेटी के मोबाइल से दोनों ने कुछ फोटो खींची थीं। एक सप्ताह पहले छोटी बेटी के दोस्त ने कॉल कर उसे जानकारी दी कि उसकी दीदी के फेसबुक अकाउंट से उसके पास रिक्वेस्ट आई है।
जब छोटी बेटी ने जांच की तो पता चला कि वह अकाउंट उसकी बहन का है ही नहीं। कोई और उनकी फोटो का गलत इस्तेमाल कर उसकी बहन के नाम से अकाउंट बनाकर युवकों को रिक्वेस्ट भेज रहा है। महिला के अनुसार जब उनके दामाद को इसका पता चला तो वह नाराज हो गया और उनकी बेटी को मायके भेजने लगा।
काफी समझाने पर उसे विश्वास हुआ कि कोई और उनकी फोटो का गलत उपयोग कर रहा है। इस संबंध में एसएचओ इंदिरापुरम प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि साइबर सेल से मामले की जांच कराई जाएगी।