धामपुर। गांव जैतरा रामगंगा कॉलोनी निवासी निशा कुमारी पत्नी नीरज कुमार ने नहटौर के मोहल्ला हाथीवाला निवासी युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है ।
निशा ने पुलिस में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 4 दिसंबर 2025 को दिन में 3:00 बजे नहटौर हाथीवाला निवासी जगमोहन बिष्ट , जगमोहन बिष्ट की पत्नी चंद्रकला बिष्ट और पुत्र कल्याण सिंह बिष्ट घर पर आए । जब वह घर आए तब वह अकेली थी। उसके पति नीरज मजदूरी करने के लिए गए थे। इस दौरान आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि तेरे ससुर ने उनके 90 लाख रुपये हड़प लिए हैं। वह रकम हम तुझसे लेकर रहेंगे । यह कहने पर की उसके ससुर की मौत हो चुकी है और सास बीमार है । उन्हें नहीं पता कि उनके ससुर ने यह रकम उनसे कब और कैसे हड़प ली ।
इतना कहते ही तीनों ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसके साथ मारपीट की। उसके कानों से सोने के कुंडल छीन लिए । उसने बचाव के लिए 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग चुके थे। पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है । पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।