अफजलगढ़/बिजनौर। तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए हैं। इनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। शनिवार को सुजान पुत्र संजीव, सरताज पुत्र हनीफ व शानेआलम पुत्र मोहम्मद अली निवासी चांगीपुर और हिमांशु (25) पुत्र सुशील निवासी धौलागढ़ नुरपुर से जसपुर जाने के लिए घर से कार में सवार होकर निकले। इनकी कार अफजलगढ़ क्षेत्र में भूतपुरी जसपुर मार्ग स्थित गांव मोहम्मदपुर राजौरी के पास पहुंची तो सामने कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी। हादसे में कार सवार हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों साथी घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सक ने सरताज की गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया गया कि चारों दोस्त जसपुर में क्रिकेट खेलने के लिए जा रहे थे। वहीं हिमांशु उत्तराखंड-17 क्रिकेट खेलने के लिए प्रैक्टिस कर रहा था। थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी सीएचसी पहुंचे तथा घायलों का हालचाल लेकर घटना के विषय में जानकारी ली। सीओ अफजलगढ़ आलोक सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम न कराने के अनुरोध पर पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, रेहड़ के गांव हर्रायवाला निवासी दिलशाद ने बताया कि उसका छोटा भाई नदीम (25) पुत्र शराफत अहमद शुक्रवार रात 10 बजे बाइक से अपनी ससुराल गांव मेघपुर जाने के लिए घर से निकला। नदीम के साले मोइन को शनिवार को सऊदी अरब जाना था। नदीम अपनी पत्नी को शुक्रवार की सुबह ही मेघपुर छोड़ आया था। देर रात वह खुद मिलने के लिए ससुराल जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बादीगढ़ से निकलते ही विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे किसी वाहन से बचने के प्रयास में उसकी बाइक डिवाइडर टकरा गई। हादसे में नदीम गंभीर घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल घायल को सीएचसी अफजलगढ़ पर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नदीम की डेढ़ वर्ष पूर्व शादी हुई थी। मृतक के कोई संतान नहीं है। नदीम पुणे में वेल्डिंग का काम करता था तथा बकरा ईद पर घर आया था। युवक की मौत से परिजन सदमे में है।
वहीं कोतवाली देहात के नहटौर के ग्राम सीकरी निवासी कपिल कुमार (25) पुत्र दल सिंह शुक्रवार की रात कोतवाली देहात से अपने घर लौट रहा था। कोतवाली नहटौर मार्ग पर करौंदा पचदू के निकट स्थित भट्ठे के सामने नहटौर की ओर से आ रही कार ने कपिल की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस कपिल कुमार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात लेकर पहुंची, जहां से गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान कपिल की मौत हो गई। कपिल की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।