चंदक में चंदक स्टेशन के पास कीमैन की चौकसी से रेलवे ट्रैक में फ्रेक्चर होने के बावजूद हादसा टल गया। डेढ़ घंटे ट्रैक बाधित होने के कारण दो एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटा बाधित रहीं। वहीं सोमवार देर रात में चंदक रेलवे फाटक पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दो घंटे रेलवे ट्रैक बाधित रहा।
अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मंगलवार की सुबह कीमैन ट्रैक की देखभाल करते हुए घूम रहे थे। इस दौरान कीमैन को सुबह सात बजे चंदक व बालावाली रेलवे स्टेशन बीच गांव नाईवाला के पास रेलवे ट्रैक में फ्रेक्चर दिखाई दी। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल चंदक स्टेशन और कंट्रोल रूप को दी। इस दौरान डाउन लाइन की एक्सप्रेस ट्रेन सियालदाह का आने का समय हो गया। सियालदाह को बालावाली रेलवे स्टेशन पर रोका।
वहीं पीछे से आ रही हिमगिरी एक्सप्रेस ट्रेन को रायसी स्टेशन पर विराम दिया गया। कीमैन की सूचना के बाद रेलपथ निरीक्षक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने टूटी रेल पटरी में फिशप्लेट लगाकर ठीक किया। इसके करीब साढ़े आठ बजे रेल यातायात सुचारु हो सका। इस दौरान सियालदाह एक्सप्रेस बालावाली स्टेशन पर एक घंटा और हिमगिरी एक्सप्रेस ट्रेन रायसी स्टेशन पर 45 मिनट खड़ी रही। रेलवे ट्रैक सही होने के बाद दोनों ट्रेनों को गंतव्य की ओर भेजा।
वहीं सोमवार एक युवक ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ना भरकर बरकातपुर शुगर मिल में जा रहा था।
रात करीब तीन बजे चंदक रेलवे फाटक पार करते समय झटका लगने से ट्राली पर बंध रस्सा टूट गया और गन्ना रेलवे ट्रैक पर ही गिर गया। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना गेटमैन जितेंद्र कुमार चंदक रेलवे स्टेशन व लक्सर जीआरपी को दी। इसके बाद गेटमैन ने अन्य रेल कर्मियों की मदद से स्वयं ही रेलवे ट्रैक से गन्ना हटाया।
करीब दो घंटे बाद ट्रैक से गन्ना हटने के बाद रेल यातायात सुचारु हो सका। इस दौरान डाउन लाइन की जनसाधारण एक्सप्रेस को बालावाली स्टेशन व अप लाइन की दून एक्सप्रेस को चंदक स्टेशन पर रोका गया। सुबह के समय लक्सर से आरपीएफ दारोगा अब्दुल खलील चंदक स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।