नूरपुर। मुरादाबाद हाईवे पर गांव गोहावर के जंगल में मुठभेड़ में पशु तस्कर शहवाज उर्फ गुल्लू के गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका दूसरा साथी जंगल में भाग गया। पुलिस ने जंगल में कॉम्बिंग की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुरादाबाद मार्ग पर गांव गोहावर के जंगल वाले रास्ते पर सफेद अपाची बाइक सवारों को रोकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई जिसमें थाना क्षेत्र के गांव गांवड़ी पनियाला निवासी शहवाज उर्फ गुल्लू पुत्र मुर्तजा के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि उसका साथी बाइक छोड़कर जंगल में भाग गया।
पुलिस पकड़ में आए शहवाज उर्फ गुल्लू ने बताया कि वे जंगल में आवारा पशुओं की तलाश में घूमते रहते हैं। मौका मिलते ही आवारा पशुओं की हत्या कर मस इधर-उधर बेच देते हैं और अवशेषों को जंगल में फेंक कर निकल जाते हैं।
पुलिस ने आरोपी शहवाज उर्फ गुल्लू के पास से एक छुरी, एक चापड़, एक लकड़ी का गुटखा, एक रस्सी, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक नया कारतूस, एक खाली कारतूस और घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। सीओ देशदीपक सिंह ने बताया कि आरोपी पर नहटौर, नूरपुर थाने में आधा दर्जन गोहत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को तलाश शुरू कर दी है।