नगीना में कड़ी सुरक्षा के बीच चली मतगणना
नगीना। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को सुबह आठ बजे से कोतवाली देहात के जनता इंटर कॉलेज में पंचायत चुनाव की मतगणना का कार्य प्रारंभ हुआ।
एसडीएम घनश्याम वर्मा ने बताया की कोतवाली ब्लॉक के 149 ग्राम प्रधानों, 187 बीडीसी सदस्यों, सात जिला पंचायत सदस्यों व ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से रविवार को प्रात: आठ से प्रारंभ हो गया। उनका कहना है कि मतगणना सोमवार सुबह तक समाप्त होने की उम्मीद है। बताया कि 24 कमरों की 24 टेबल पर मतगणना का कार्य कराया जा रहा है । उन्होंने बताया की चुनाव परिणाम आने के बाद निर्वाचित होने वाले ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों व ग्राम पंचायत सदस्यों को चुनाव अधिकारी द्वारा जीत का प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं। बताया कि मतगणना केंद्र पर किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया है। एसडीएम ने मतदान केंद्र परिसर में कई बार सोशल डिस्टेंसिंग की अवहेलना करने वाले लोगों को जमकर हड़काया।
उधर स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों द्वारा मतगणना केंद्र पर आने वाले सभी लोगों की थर्मल स्कैनिंग से जांच की गई। डॉक्टर एसआरएम जैदी ने बताया की मतगणना केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी को बुखार की शिकायत आई। तब उसकी कोरोना जांच की गई। उन्होंने बताया की जांच में पुलिस कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ड्यूटी में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच की गई। बताया कि कुल 50 पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच की गई।इ समें एक को छोड़कर बाकी सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
उधर मतगणना केंद्र के कमरों में मतपत्रों की गिनती कर रहे मतगणना कर्मियों के सामने खड़े प्रत्याशियों के एजेंटों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का कोई ख्याल नहीं रखा गया। अधिकतर कमरों में प्रत्याशियों के एजेंट एक दूसरे के साथ चिपके दिखाई दिए। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने मतदान केंद्र से करीब 200 मीटर की दूरी पर बैरीकेडिंग लगाकर अनावश्यक लोगों को आने नहीं दिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी राजीव कुमार गौतम लगातार जीतने वाले प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र वितरित करते रहे।