सभासदों ने डीएम को दिया शिकायती पत्र, जांच की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। अवैध कॉलोनी में सरकारी रकम से सड़क निर्माण के विरोध में सभासदों ने बिगुल बजा दिया है। उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग उठाई है। वहीं, तालाब के सुंदरीकरण में भी दोयम दर्जे की ईंटों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया।
नगर पंचायत झालू के सभासद सौरभ गुप्ता, रुहीना परवीन, मोहम्मद आकिब, महरुनिशा, फुरकान, निकेश कुमार ने डीएम को शिकायतीपत्र दिया। जिसमें कहा गया कि नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी और ठेकेदार की मिलीभगत के चलते अवैधी कॉलोनी में सीसी रोड का निर्माण पंचायत की निधि से कराया है। यह कॉलोनी नगर पंचायत की सीमा से बाहर है। सड़क का निर्माण करके सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है।
आरोप है कि मिलीभगत से सरकारी धन को हड़पा गया है। इसके अलावा कयारोवाला तालाब का सुदंरीकरण कराया जा रहा है। आरोप है कि मिलीभगत के चलते अव्वल की जगह पर दोयम दर्जे की ईंटो का प्रयोग किया जा रहा है। पत्थर की जगह पर केवल मिट्टी और डस्ट डाली जा रही है। शिकायती पत्र देकर जांच करते हुए कार्रवाई करने की मांग उठाई।
- जिसे अवैध कॉलोनी बताया जा रहा है, अवैध नहीं है और नगर पंचायत की सीमा के अंदर ही है। पहले भी नगर पंचायत की ओर से सड़क बनाई गई है। सभी आरोप निराधार हैं। - लोकेंद्र सिंह, अध्यक्ष, नगर पंचायत झालू