जिले में उखड़ती सड़कें खोल रहीं भ्रष्टाचार की पोल
बिजनौर। सदर विधायक सुचि मौसम चौधरी द्वारा सड़क के शुभारंभ में नारियल तोड़ने पर सड़क उखड़ने के बाद नए सड़क निर्माणों पर सवाल उठने लगे हैं। अभी तीन दिन पहले ही नहटौर क्षेत्र में ही विलासपुर के पास बनी सड़क रातभर भी नहीं झेल पाई थी। यहां पर भी ग्रामीणों ने जांच की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया था। चर्चा है कि कुछ नेताओं के पसंदीदा ठेकेदारों को काम मिलने और उसमें कमीशन का बंदरबांट होने के चलते यह स्थिति बन रही है। हालांकि इस पर कोई अफसर बोलने को तैयार नहीं है।
नहटौर शाखा की नहर पटरी पर बनाई जा रही सड़क के शुभारंभ के मौके पर ही सड़क बिखने का मामला पहला नहीं था। इसी सप्ताह नहटौर के विलासपुर क्षेत्र में बनी सड़क का भी यही हाल हुआ था। रात में बनी सड़क सुबह होते होते उखड़नी शुरू हो गई थी। जब सड़क निर्माण करने वाले मजदूर और कर्मचारी उसकी मरम्मत करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा लिया था और जांच की मांग की थी। झालू मार्ग से गांव विलासपुर तक जिला पंचायत विभाग से बनाई गई 1700 मीटर सड़क एक दिन में उखड़ने के बाद मरम्मत करने आए मजदूरों को ग्रामीणों ने भगाया तो ठेकेदार ने करीब 20 मीटर सड़क पर दोबारा से माल डालकर लीपापोती कर दी। अभी भी कई स्थानों पर सड़क उखड़ी पड़ी हुई है, जिसकी कोई सुध लेने को तैयार नहीं है।
सिंचाई विभाग ने खुद उठाई जांच की मांग
बिजनौर। सदर विधायक द्वारा सड़क निर्माण पर सवाल उठाने, जांच के नमूने भरवाने का मामला तूल पकड़ गया। जहां प्रशासन ने विभागीय अफसरों का जवाब तलब कर लिया। वहीं, सिंचाई विभाग के ईई विकास अग्रवाल ने खुद ही डीएम को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग उठा दी। दिनभर यह मुद्दा चर्चाओं का विषय बना रहा। बृहस्पतिवार को सदर विधायक सुचि मौसम चौधरी और उनके पति ऐश्वर्य चौधरी नहटौर शाखा की नहर पटरी पर बन रही सड़क का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस दौरान नारियल तोड़ा तो सड़क उखड़ गई। शुक्रवार को डीएम उमेश मिश्रा ने इसमें सिंचाई विभाग के अफसरों से जवाब मांगा तो विभागीय ईई विकास अग्रवाल ने खुद की पत्र लिखकर इस सड़क की जांच की मांग उठा दी। ईई विकास अग्रवाल ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में उनके विभाग की छवि धूमिल हो रही है। हम खुद चाहते हैं कि इस मामले की जांच हो और दूध का दूध और पानी का पानी हो।
अभी सड़क पर एक लेयर और पड़नी थी
सिंचाई विभाग के ईई ने शुक्रवार को आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि अभी तो सड़क निर्माण शुरू ही हुआ था। अभी एक लेयर और पड़नी थी। हमने ही सदर विधायक को शुभारंभ करने के लिए आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि अभी तो सड़क निर्माण पूरा ही नहीं हुआ तो कैसे कह सकते हैं कि सड़क खराब हो गई।