बिजनौर में साप्ताहिक कर्फ्यू के दौरान सिविल लाइन में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर में कोरोना कर्फ्यू : सड़कों पर सन्नाटा, गली-मोहल्ले भी रहे सूने
बिजनौर। रविवार को लगे कोरोना कर्फ्यू में सड़कों पर भीड़ कम रही। जनता शनिवार के मुकाबले रविवार को घरों से कम निकली। शनिवार शाम को पुलिस की सख्ती का असर रविवार को गली मोहल्लों में भी दिखाई दिया। प्रशासन जनता से लगातार सहयोग की अपील कर रहा है।
शनिवार को कोरोना कर्फ्यू लगा होने के बाद भी काफी लोग सड़क पर निकले थे। गली मोहल्लों में भी भीड़ थी। लेकिन शाम को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दुकानों को जल्दी बंद करा दिया था। पुलिसकर्मियों ने गली मोहल्लों में भी जाकर दुकानें बंद कराई और लोगों को घरों में ही बैठने को कहा। इसका असर रविवार को कोरोना कर्फ्यू में दिखाई दिया। रविवार को सड़कों पर भीड़ शनिवार से कम रही। लोग केवल जरूरत का सामान लेने के लिए घरों से निकले। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रविवार को जिले में पुलिस कम थी और पुलिस पंचायत चुनाव कराने दूसरे जिलों में गई थी। लेकिन कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने के लिए पुलिस की जरूरत भी नहीं पड़ी। मुरादाबाद व आसपास के जिलों में तैनात कुछ कर्मचारी पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने के लिए अपने वाहनों से गए। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर अब जनता बिना मास्क के घर से बाहर नहीं निकल रही है। एसडीएम विक्रमादित्य सिंह मलिक के अनुसार कोरोना से बचाव का पहला तरीका मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना ही है। कहा कि जनता कोरोना चेन तोड़ने में सहयोग करे और वैक्सीनेशन भी जरूर कराए।