मुबारकपुर गांबड़ी में विवाद के बाद निर्माण कार्य रुकवाया
धामपुर/शेरकोट। क्षेत्र के गांव मुुबारकपुर गांबड़ी में एक भूखंड को लेकर गन्ना समिति और गांव के लोगों में विवाद पैदा हो गया। गन्ना समिति के अधिकारियों का कहना है कि जिस जमीन पर ग्रामीण बरातघर का निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं, वह गन्ना समिति की है। जबकि गांव के लोगों का कहना है कि यह जमीन बरातघर की है। गन्ना समिति के अधिकारी बेवजह कार्य में व्यावधान डालने का प्रयास कर रहे हैं। उधर एसडीएम ने राजस्व विभाग की टीम के साथ निर्माण कार्य रुकवा दिया और समस्या के निदान के लिए टीम का गठन कर दिया।
गन्ना समिति के सचिव मनोज कुमार का कहना है कि मुबारकपुर गांबड़ी में गन्ना समिति का पुराना कार्यालय जर्जर अवस्था में है। रिकार्ड के अनुसार गांव में गन्ना समिति की अपनी जमीन है, जिसमें स्टोर बना है। गन्ना समिति की जमीन में गांव के कुछ लोग जबरन बरातघर का निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों से शिकायत कर शनिवार को गांव में पुलिस भेजकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था लेकिन गांव के लोग अब भी निर्माण करने के प्रयास में लगे हैं।
उधर गांव के ताराचंद सिंह, हेमराज सिंह, विनोद कुमार, अजय सिंह, नरेश सिंह, सुरेंद्र आदि का कहना है कि जहां वे बरातघर का निर्माण कर रहे हैं, वहां पहले से बाबा डा.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है और धर्मशाला भी बनी है।
गन्ना विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर रविवार को एसडीएम विजयवर्धन तोमर राजस्व टीम के साथ गांव में पहुंचे और ग्रामीणों को किसी तरह समझा कर शांत किया। एसडीएम ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। जब तक समस्या का निदान नहीं होता है, तक तक कोई भी निर्माण नहीं करेगा।