हीमपुर दीपा। विकास खंड जलीलपुर के हीमपुर दीपा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अकबरपुर उर्फ सब्दलपुर में जल निगम की ओर से लगभग एक करोड़ रुपये की लागत बन रहे ओवरहेड टैंक का निर्माण धीमी गति से चल रहा है। इसका निर्माण 23 फरवरी 2023 को शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था वीटीएल गजरौला के संबंधित ठेकेदार ने सब्लदपुर और मिर्जापुर खादर में भूमिगत पाइपलाइन डालने के लिए सड़कें उखाड़ दीं जो अब तक इसी हालत में हैं। इससे ग्रामीणों को आन-जाने में बेहद मुश्किलें उठानी पड़ रहीं हैं।
ग्रामीण बताते हैं कि ओवरहेड टैंक का निर्माण कछुआ गति से चल रहा है और अक्सर बंद कर दिया जाता है। इसके चलते ग्रामीण आक्रोशित हैं। उन्होंने मामले में जिला प्रशासन से प्रभावी कदम उठाकर शीघ्र ही ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।
गांव सब्दलपुर के पूर्व प्रधान सलीम अहमद का कहना है कि जल निगम की निगरानी में लगभग तीन वर्षों से ओवरहेड टैंक का निर्माण हो रहा है। पाइप लाइन बिछाने को गांव के रास्तों और गलियों को खोदकर डाल दिया। बार-बार मांग के बावजूद अभी तक खोदी गई सड़कों की मरम्मत तक नहीं कराई गई।
गांव निवासी सलीम अख्तर कहते हैं कि ओवरहेड टैंक को बनते समय काफी समय बीत गया है लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। कछुआ चाल से चल रहा ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य कब पूरा होगा। उन्होंने डीएम से इस ओर ध्यान देने की मांग की है।
गांव निवासी दिलशाद अहमद का कहना है कि निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक का निर्माण अधर में होना जल निगम की लापरवाही का प्रमाण है। ग्रामीणों को इस ओवरहेड टैंक से समय पर पेयजल मयस्सर नहीं पा रहा है। उन्होंने इस बाबत कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया।
गांव मिर्जापुर खादर निवासी चौधरी रघुनाथ सिंह ने जल निगम की परियोजना के तहत ओवरहेड टैंक के समय पर निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जल निगम के अधिकारीगण इस मामले में गंभीर नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की मांग की है।
विभागीय जेई प्रदीप कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर कुछ अड़चनें आ गईं थीं। निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक का शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होगा। टूटी सड़कों की मरम्मत अति शीघ्र कराई जाएगी।