बिजनौर में तहसील के गेट पर धरना देते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : BIJNOR
कांग्रेस का तहसील पर प्रदर्शन
बिजनौर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालयों पर यूरिया खाद की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपकर इस पर रोक लगाने की मांग की।
बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता यूरिया की किल्लत को दूर करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय के सामने धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान ने कहा कि जनपद में यूरिया की उपलब्धता नहीं है। खाद नहीं मिलने से फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। खाद की किल्लत को शीघ्र दूर करना चाहिए और यूरिया की कालाबाजारी पर रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से जिले में बाढ़ से किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की भी मांग की। धरने में शहर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मीनू गोयल, जिला सचिव धनगर यादराम सिंह चंदेल व हुकम सिंह, जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी, जिला महासचिव नजाकत अल्वी आदि उपस्थित रहे।