बिजनौर। आईजीआरएस डैशबोर्ड की शिकायतों का समय से निस्तारण जरूरी है। लेकिन बिजनौर में अधिकारी समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरत रहे हैं। इसके चलते सोमवार को एसडीएम ने एक शिकायत का निस्तारण नहीं होने पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार का स्पष्टीकरण मांगा है।
सोमवार को तहसील में एसडीएम रितु रानी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान आईजीआरएस डैशबोर्ड का परीक्षण किया गया। जांच में पता चला कि बिजनौर में दुकानों के निर्माण को लेकर एक शिकायत लंबित है। इस संबंध में तहसीलदार आशीष सक्सेना, नायब तहसीलदार दारानगर गंज का स्पष्टीकरण जारी किया गया। जबकि, संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर को पटल से हटाए जाने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा वरासत के दो आवेदन अवशेष होने के संबंध में भी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक का स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, संबंधित लेखपाल प्रशांत और अतुल राठी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम रितु रानी ने सभी कर्मचारियों को आय जाति मूलनिवास, पेंशन, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, शादी अनुदान वृद्धा, विधवा पेंशन, वरासत, आईजीआरएस का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।