बिजनौर। कोतवाली देहात क्षेत्र के बनखला गांव में एक पुराने कुएं पर कब्जे को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से दोबारा शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दस साल पहले मस्जिद निर्माण के दौरान इस कुएं को परिसर में शामिल कर लिया गया था। एसपी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को बनखला गांव निवासी कौशेंद्र, बलवेंद्र और जितेंद्र सहित हिंदू रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने एसपी केके बिश्नोई से मुलाकात की। कौशेंद्र ने शपथ पत्र में बताया कि यह कुआं दशकों पुराना है और ग्रामीण पहले इसका पानी इस्तेमाल करते थे। उन्होंने वर्ष 1966 के राजस्व रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि साल 2014 में मस्जिद के निर्माण के समय कुएं को परिसर के भीतर कर उस पर शौचालय व बाथरूम बना दिए गए। कौशेंद्र ने खोदाई कराने पर कुआं मिलने का दावा किया। ग्रामीणों ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। एसपी केके बिश्नोई ने कोतवाली देहात एसओ को जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस टीम और कानूनगो ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने मामले में दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया है। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।