भागूवाला क्षेत्र में गोवंश को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराती पुलिस।
- फोटो : NAZIBABAD
भागूवाला/नजीबाबाद। हाइवे सूनसान होने, खाद्यान एवं फल कारोबारी प्रतिष्ठान बंद होने से जानवरों के सामने भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है। भूख से परेशान होकर लड़ रहे बंदरों को मंडावली पुलिस ने 50 दर्जन केले खाने को दिए। उधर नगरपालिका परिषद भी आवारा कुत्तों और पशुओं को खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रही है।
लॉक डाउन से इंसान ही नहीं पशु-पक्षी भी परेशान हैं। नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर भूख से परेशान बंदर हाइवे पर उत्पात मचा रहे थे। भागूवाला क्षेत्र में मंडावली के उपनिरीक्षक बलराम यादव ने भागूवाला से गेंडीखाता तक राहगीरों के आने का इंतजार कर रहे भूख से परेशान बंदरों को 50 दर्जन केले खाने को दिए। पुलिस की ओर से बेसहारा गोवंश को भी खाद्य सामग्री दी गई।
उधर नगरपालिका परिषद नजीबाबाद की ओर से नगर में घूमने वाले आवारा कुत्तों को पिछले दो सप्ताह से नियमित रूप से खाने को रोटियां दी जा रही हैं। नगरपालिका के ईओ और राजस्व निरीक्षक की देखरेख में पशुओं को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कुछ कर्मचारियों को सौंपी गई है।
नजीबाबाद क्षेत्र के भागूवाला-हरिद्वार मार्ग पर बंदरों को केले बांटती मंडावली पुलिस।- फोटो : NAZIBABAD