कॉलोनाइजर, आरडब्लूए के बीच सुविधाओं की रार
धामपुर। मुरादाबाद मार्ग स्थित धामपुर जंक्शन कॉलोनी के आरडब्लूए पदाधिकारियों और कॉलोनाइजर में सुविधाओं को रार चल छिड़ गई है। आरडब्लूए के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कॉलोनी में बोर्ड लगवा दिया है कि कॉलोनी में बिना बिके सभी प्लॉट विवादास्पद हैं। इसलिए कोई भी इन प्लॉटों को न खरीदे। आरडब्लूए धामपुर जंक्शन की सचिव आकांक्षा चौहान ने इस मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी से कर जांच कर कॉलोनी के एजेंडे के अनुरूप विकसित कराने की मांग की है।
आरडब्लूए रेजीडेंसल डेवलपमेंट ऐसोसिएशन की सचिव आकांक्षा चौहान ने एसडीएम से की शिकायत में बताया कि कॉलोनाइजर नरेंद्र गुप्ता ने कॉलोनी के लोगों को धोखा दिया है। कॉलोनी में समुचित सुविधाओं को देखते हुए उन्होंने यहां पर प्लॉट खरीदे। कॉलोनाइजर ने कॉलोनी काटने से पहले कॉलोनी में मंदिर, कम्यूनिटी हॉल, पार्क, सड़कें आदि बनवाने आदि का दावा किया था। लेकिन अब सुविधाएं मुहैया कराने से मुकर रहे हैं। वहीं, कॉलोनाइजर लाला नरेंद्र गुप्ता ने लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि कुछ लोग एसोसिएशन का दबाव देकर उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। कॉलोनी में सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया हैं।