नींदडू़ खास, बाजीदपुर व भिक्कन में हुई सफाई
नींदडू़। गंदगी भारत छोड़ो, कोविड-19 में प्रत्येक शनिवार व रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान एवं नियमित सफाई के चलते नींदडू़ खास, बाजीदपुर-बीरू व मोहम्मद अलीपुर भिक्कन में सफाई व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है।
नींदडू़ खास पंचायत में करीब 11 बजे प्रधान रेशमा के पति मुदस्सर अली ने सोमवार को सफाई कर्मचारी परशुराम व खेमचंद से सफाई कराई और उन्हें दिशा निर्देश दिए। मुदस्सर ने बताया कि नींदडू़ खास में परशुराम, खेमचंद, सौबिन कुमार व उपदेश चार सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं। एक कर्मचारी तो आता ही नहीं, दूसरा बहुत कम उपस्थित रहता है। शेष दोनों भी आज तीन दिन बाद आए हैं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते पंचायत निजी स्तर पर मजदूर लगाकर सफाई कराती है। ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी आबादी के गांव में कुछ और सफाई कर्मचारी बढ़ाने और नालियों की नियमित सफाई की आवश्यकता है।
मोहम्मद अलीपुर भिक्कन के प्रधान शाहीन के पति अरशद अली ने बताया कि शासन द्वारा नियुक्त दोनों कर्मचारी नियमित रूप से उपस्थित होकर अपने कार्य को अंजाम देते हैं। एसबीआई के सामने सड़क किनारे कुछ लोग कूड़ा डालते हैं, जिसे सप्ताह में उठवा दिया जाता है। बाजीदपुर-बीरू में सफाई व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। प्रधान रफत जहां के पति अथर हुसैन ने बताया कि पंचायत में नियुक्त दोनों सफाई कर्मचारी रोजाना सफाई करते हैं।
उधर, सहायक पंचायत अधिकारी अनिल कुमार ने तीनों पंचायतों में सफाई व्यवस्था बेहतर होने पर संतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।