जलीलपुर। ज्येष्ठ माह के गंगा दशहरा स्नान के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला मेरठ की सीमा में स्थित गंगा पुल के निकट घाट की सफाई करने जिला बिजनौर के पंचायत राज विभाग के सफाई कर्मी लग गए हैं। घाट की सफाई के लिए करीब 50 सफाई कर्मियों को लगाया गया है।
बृहस्पतिवार को गंगा दशहरा पर्व की तैयारी के लिए गंगा घाट पर सफाई की जा रही है। बिजनौर के जलीलपुर व मेरठ के हस्तिनापुर के बीच बना गंगा पुल मेरठ की सीमा में आता है। विभिन्न पर्वों पर बिजनौर की तहसील चांदपुर व मेरठ की तहसील मवाना के हजारों श्रद्धालु पुल के निकट गंगा घाट पर स्नान करते हैं। ब्लाक जलीलपुर के एडीओ पंचायत अनिल कुमार के आदेश पर बुधवार को तीन न्याय पंचायतों धींवरपुरा, जलीलपुर व दत्तियाना के करीब 50 सफाई कर्मियों को पुल के निकट गंगा घाट पर विशेष सफाई अभियान में लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कच्चे घाट को व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया है।