सीजेएम ने दिए शाहना की मौत की जांच के आदेश
बिजनौर। सीजेएम दिलीप कुमार सचान ने शाहना की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने का आदेश पुलिस को दिया है।
थाना नजीबाबाद के गांव समीपुर निवासी रईस ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा था कि उसकी शादी शाहना परवीन निवासी झालू से 2003 में हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। उसकी पत्नी शाहना के खाते से 30 हजार रुपये शाहना के भाई ने निकलवा लिए थे। 29 सितंबर 2020 की शाम पांच बजे शाहना ने अपने उधार दिए 30 हजार रुपये अपने भाई से मांगे थे। इसके बाद घर से 200 रुपये लेकर शाहना चली गई। जब उसकी पत्नी शाहना वापस नहीं आई तो उसने शाहना के भाई से बात की। शहजाद ने कहा कि वह वहीं कहीं गई होगी।
पांच अक्तूबर 2020 को झालू के निकट नहर पर शाहना की लाश मिली। प्रार्थना पत्र में कहा गया था कि 29 सितंबर की शाम शाहना को बिजनौर जाने वाली बस में देखा गया था। आरोप लगाया गया था कि शाहना के भाई ने परिजनों एवं रिश्तेदारों के साथ मिलकर शाहना की हत्या करके शव नहर में डाला है। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। प्रार्थना पत्र में सीजेएम से शाहना की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार की गई थी।
आवेदन करें दाखिल
बिजनौर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आमिर सुहैल के अनुसार प्राधिकरण के टैली प्रोजेक्ट के तहत पांच पराविधिक सेवकों के पद हेतु आवेदन पत्र उनके कार्यालय में 16 से 31 जनवरी तक दाखिल किए जा सकते हैं। इसकी जानकारी भी उनके कार्यालय से ली जा सकती है।