कालागढ़। रामगंगा बांध की सुरक्षा में उत्तर प्रदेश के पुलिस विभाग की उदासीनता को देखते हुए सिंचाई विभाग ने सीआईएसएफ को लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। बांध पर सुरक्षा में सिंचाई विभाग के सुरक्षक लगे हैं। उत्तराखंड पुलिस का कालागढ़ थाना सुरक्षा में अपना योगदान दे रहा है।
रामगंगा बांध परियोजना की सुरक्षा का जिम्मा 1960 के दशक से उत्तर प्रदेश का पुलिस विभाग के पास रहा है। बांध के अधिकारियों के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस ने 2015 में बिना किसी सूचना के यहां से अपने कर्मचारियों को हटा दिया। बार-बार पत्रव्यवहार करने के बाद भी वहां से कोई जवाब नहीं मिल रहा है। शिविर प्रबंध खंड के ईई शेर सिंह ने बताया कि बांध की सुरक्षा के लिए विभाग के सुरक्षक तैनात हैं। इसके अलावा कालागढ़ थाना सहयोग कर रहा है। सीओ कोटद्वार का पूरा सहयोग मिल रहा है। विभाग में नियुक्तियां न होने से सुरक्षकों की भी कमी हो रही है, जिसकी वजह से विभाग ने यहां सीआईएसएफ को तैनात करने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा है, जिस पर हरिद्वार से सीआईएसएफ के अधिकारियों की टीम ने बांध क्षेत्र का दौरा भी कर लिया है।