बिजनौर। जिले में नए सर्किल रेट लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। सबसे ज्यादा असर जिले में ऐसी 35 नई कॉलोनियों पर पड़ेगा, जहां गांव के रेट पर बैनामे हो रहे थे। वहीं दूसरी ओर औसतन 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। इसे डीएम की ओर से भी हरी झंडी मिल चुकी है। सभी तहसील स्तर पर क्षेत्र में सर्वे कर सर्किल रेट की संभावनाओं पर रिपोर्ट मांगी गई थी। पिछले सप्ताह सभी जगहों से रिपोर्ट आ चुकी है।
इसे लेकर निबंधन विभाग ने रिपोर्ट डीएम के सामने पेश की, जिसे डीएम ने अनुमति दे दी। अब सर्किल रेट की लिस्ट तैयार की जा रही है, जिसे इसी माह तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शित किया जा सकता है। इसके बाद तीन दिन का समय आपत्ति दर्ज कराने और फिर एक सप्ताह में आपत्ति का निरस्तारण किया जाएगा।
शहर के बाहरी क्षेत्रों की कॉलोनी पर रहेगा असर : बिजनौर समेत जिले में नजीबाबाद, कोतवाली देहात, धामपुर, नहटौर, हल्दौर में सबसे ज्यादा कॉलोनियों शहर और कस्बों के बाहरी क्षेत्रों में कट रही है। इन कॉलोनियों में गांव के सर्किल रेट बैनामा कराते समय लग रहे हैं। सर्वे में ऐसी करीब 35 कॉलोनी चिन्हित हुई है। निबंधन विभाग इन कॉलोनियों में मार्केट रेट को देखते हुए सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
जहां ज्यादा है रेट, वहां नहीं होगी बढ़ोतरी : एआईजी : एआईजी स्टांप आशुतोष जोशी ने बताया कि उन जगहों को चिन्हित किया गया है, जहां मार्केट रेट बहुत ज्यादा हैं और सर्किल रेट कम है। वहां पर बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा जहां सर्किल रेट बहुत ज्यादा हैं, सर्वे रिपेार्ट के आधार पर वहां बढ़ोतरी नहीं होगी।