बिजनौर। जिले में जमीनों के सर्किल रेट बढ़ना तय हो गया है। आज से तहसीलों में नई सर्किल रेट लिस्ट लगाई जाएगी। 22 जुलाई तक लोगों से इस पर आपत्तियां मांगी गई हैं। डीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में नई रेट लिस्ट को अनुमति दे दी गई है। जिले में सर्किल रेट में औसतन 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है।
पिछले दो माह से जिले में सर्किल रेट लिस्ट तैयार करने पर काम चल रहा था। इसमें पहले चरण में हर तहसील से रिपोर्ट मांगी गई थी। इसी के आधार पर नई सर्किल रेट लिस्ट तैयार कर ली गई है। मंगलवार को डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें एडीएम वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह, एआईजी स्टांप आशुतोष जोशी और रजिस्ट्रार शामिल हुए। नई सर्किल रेट लिस्ट पर चर्चा के बाद इसे मंजूरी दे दी गई। अब बिजनौर, नगीना, नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर तहसील में बुधवार से इसे लगाया जाएगा। जिस पर 22 जुलाई तक आपत्तियां मांगी गई है। 25 जुलाई तक आपत्तियों के निस्तारण के बाद एक अगस्त से इसे लागू कर दिया जाएगा। एआईजी स्टांप आशुतोष जोशी ने बताया कि अगले माह से नए सर्किल रेट के हिसाब से बैनामों पर स्टांप वसूला जाएगा।